मुरैना। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शुक्रवार को जन विश्वास अभियान 2026 के तहत मुरैना पहुंचे। यहां उन्होंने जिला दिव्यांगजन पुनर्वास केंद्र का निरीक्षण किया और दिव्यांग बच्चों से आत्मीय संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया। मुख्यमंत्री ने बच्चों को सहायक उपकरण भी वितरित किए। इसके बाद मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय क्रमांक-1 पहुंचे, जहां उन्होंने विद्यार्थियों से विज्ञान और गुरुत्वाकर्षण के बारे में चर्चा की और प्रयोगशाला का निरीक्षण किया।
इसके बाद मुख्यमंत्री कलेक्ट्रेट में उद्यम संवाद और जिला सलाहकार समिति की बैठक में शामिल हुए। बैठक के बाद मीडिया से रूबरू होते हुए मुख्यमंत्री ने दौरे के उद्देश्य, प्रतिभाओं को प्रोत्साहन और प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत बनाने को लेकर अपनी बात रखी।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मुरैना प्रवास के दौरान विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर, कृषि मंत्री और जिले के प्रभारी मंत्री सहित अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक की गई। इस दौरान प्रदेश और देश में अपनी प्रतिभा के दम पर पहचान बनाने वाले लोगों से चर्चा कर उन्हें प्रोत्साहित किया गया।मुख्यमंत्री ने कहा कि जन विश्वास अभियान के तहत प्रशासनिक कसावट को लेकर भी बैठक की गई। सरकार का प्रयास है कि प्रशासनिक व्यवस्था अधिक प्रभावी बने और आम लोगों का शासन-प्रशासन पर विश्वास मजबूत हो।