उज्जैन। प्रसिद्ध टीवी सीरियल “देवों के देव महादेव” में भगवान शिव और फिल्म “उरी” में अपने अभिनय का लोहा मनवाने वाले और अभिनय से पहचान बनाने वाले एक्टर मोहित रैना शनिवार को पत्नी अदिति के साथ उज्जैन पहुंचे और श्री महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर पहुंचकर दोनों ने भस्म आरती में शामिल होकर भगवान महाकाल का आशीर्वाद लिया।
मोहित रैना और अदिति शनिवार तड़के करीब 4 बजे मंदिर पहुंचे। दोनों ने लगभग दो घंटे तक नंदी हॉल में बैठकर भगवान महाकाल की भस्म आरती के दिव्य दर्शन किए। इस दौरान दोनों बाबा महाकाल की भक्ति में लीन नजर आए। उन्होंने हाथ जोड़कर बाबा महाकाल को नमन किया और वें महाकाल का जाप करते नजर आए।
आरती के पश्चात् दोनों ने चांदी द्वार से भगवान का आशीर्वाद लिया और पुजारियों के माध्यम से जल अर्पित किया। इस मौके पर पंडित आशीष पुजारी ने दोनों का सम्मान किया। भस्म आरती दर्शन के बाद मोहित रैना ने कहा कि मेरे पास शब्द नहीं हैं। बाबा महाकाल के दर्शन का यह अद्भुत अनुभव था। दर्शन बहुत अच्छे से हुए। भगवान महाकाल की कृपा सब पर बनी रहे।