नीमच। पटाखा बाजार को पीजी कॉलेज ग्राउंड में स्थानांतरित करने के निर्णय के विरोध में पिछले तीन दिनों से धरना-प्रदर्शन कर रहे पटाखा व्यापारियों को राहत मिली है। व्यापारियों ने विधायक दिलीप सिंह परिहार और भाजपा नेता सुनील कटारिया से मुलाकात कर अपनी समस्याएं रखीं। इसके बाद विधायक परिहार और भाजपा नेता कटारिया ने कलेक्टर से चर्चा कर व्यापारियों की मांगों और उनकी परेशानियों से अवगत कराया।
व्यापारियों की मांग पर प्रशासन ने पटाखा बाजार को पुराने स्थान, क्रमांक-2 स्कूल मैदान पर ही लगाने पर सहमति जताई। प्रशासन के इस निर्णय का पटाखा व्यापारियों ने स्वागत किया है।
पुराने स्थान पर बाजार लगाने की सहमति मिलने के बाद व्यापारियों में खुशी का माहौल है। पिछले तीन दिनों से स्थानांतरण के विरोध में जारी धरना-प्रदर्शन के बीच प्रशासन के इस फैसले को व्यापारियों के लिए राहतभरा कदम माना जा रहा है।