गरोठ/भानपुरा। तहसील भानपुरा के ग्राम छोटी कोटड़ी में दो मासूम बच्चों की मौत के बाद प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग अलर्ट हो गया है। बच्चों में मलेरिया और प्लेटलेट्स कम होने की समस्या सामने आने की जानकारी के बाद मामले को गंभीरता से लिया गया है। कलेक्टर दिव्यांक सिंह के निर्देश पर शनिवार सुबह 9 बजे गरोठ एसडीएम राहुल चौहान ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ गांव में बैठक की।
बैठक में स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, जनपद पंचायत, राजस्व विभाग और जिला मलेरिया अधिकारी के प्रतिनिधि शामिल हुए। अधिकारियों को गांव में मलेरिया के संभावित स्रोतों की पहचान करने और पूरे गांव में स्क्रीनिंग कर संदिग्ध मरीजों का पता लगाने के निर्देश दिए गए।
इसके लिए कुल आठ टीमों का गठन किया गया है। ये टीमें घर-घर जाकर लोगों की जांच करेंगी और संभावित मरीजों की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई करेंगी।
प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग गांव की स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। मलेरिया के संभावित प्रसार को रोकने और ग्रामीणों के स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।