नीमच। मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना ने नीमच निवासी झुनु देवनाथ को स्वरोजगार के माध्यम से अपनी आर्थिक स्थिति बेहतर बनाने का अवसर दिया है। बंगाली कॉलोनी, ग्वाल टोली निवासी झुनु देवनाथ पिछले 10 से 12 वर्षों से सिलाई का कार्य कर रही थीं। इस काम से उन्हें लगभग 15 हजार रुपये प्रतिमाह की आय होती थी। जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र, नीमच से योजना की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने इसका लाभ लेने का निर्णय लिया।
3 लाख 80 हजार रुपये का ऋण लेकर शुरू किया साड़ी सेंटर-
झुनु देवनाथ ने बताया कि मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना के अंतर्गत उन्हें बंधन बैंक, नीमच से 3 लाख 80 हजार रुपये का ऋण मिला। इस राशि की सहायता से उन्होंने साड़ी सेंटर का व्यवसाय शुरू किया। इससे उनके काम का विस्तार हुआ और आय के नए अवसर मिले।
मासिक आय बढ़कर हुई 30 से 35 हजार रुपये-
झुनु देवनाथ के अनुसार, पहले सिलाई के काम से उन्हें लगभग 15 हजार रुपये प्रतिमाह की आय होती थी, जो साड़ी सेंटर शुरू करने के बाद बढ़कर 30 से 35 हजार रुपये प्रतिमाह हो गई है। आय में वृद्धि से अब वे संयुक्त परिवार की जरूरतों को पूरा करने के साथ ही बच्चों की पढ़ाई और अन्य आवश्यक खर्चों में भी बेहतर योगदान दे पा रही हैं।
उन्होंने बताया कि योजना के तहत मिली आर्थिक सहायता से उन्हें अपना व्यवसाय आगे बढ़ाने का अवसर मिला। साड़ी सेंटर शुरू होने से उनकी आजीविका बेहतर हुई है और परिवार के भरण-पोषण में सहयोग करने की क्षमता भी बढ़ी है।
झुनु देवनाथ ने मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना को अपने लिए लाभकारी बताते हुए स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रति आभार व्यक्त किया।