गुना। मध्य प्रदेश शासन के उच्च शिक्षा विभाग के तत्वावधान में जिला स्तरीय पुरुष एवं महिला फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन पीजी कॉलेज के श्यामा प्रसाद मुखर्जी खेल प्रशाल में किया गया। प्रतियोगिता में गुना और राघोगढ़ की टीमों के बीच रोमांचक मुकाबले हुए, जिसमें गुना की टीम ने दोनों वर्गों में जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में संतोष सक्सेना एवं सेवानिवृत्त सहायक ग्रंथपाल हरवीर सिंह रघुवंशी उपस्थित रहे। खिलाड़ियों ने अतिथियों का माला पहनाकर स्वागत किया।
प्रतियोगिता के पुरुष वर्ग का पहला मुकाबला गुना और राघोगढ़ की टीमों के बीच खेला गया। इसमें गुना की टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए राघोगढ़ को 3-0 से हराकर पुरुष वर्ग का खिताब जीता।
वहीं, महिला वर्ग में भी गुना की टीम ने बेहतरीन तालमेल और खेल कौशल का परिचय दिया। रोमांचक मुकाबले में गुना ने राघोगढ़ को 1-0 से पराजित कर महिला वर्ग की प्रतियोगिता भी अपने नाम कर ली। इस तरह गुना की टीमों ने पुरुष एवं महिला दोनों वर्गों में जीत हासिल कर प्रतियोगिता में अपना दबदबा कायम किया।