चित्तौड़गढ़। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर जिला कांग्रेस कमेटी ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौर के कथित बयान के विरोध में प्रदर्शन करते हुए उनका पुतला दहन किया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रमोद सिसोदिया के नेतृत्व में जिला कलेक्टर चौराहे पर बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एकत्रित हुए और भाजपा के खिलाफ विरोध दर्ज कराया।
जिला कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष अहसान पठान ने बताया कि प्रदर्शन से पहले स्टेशन चौराहे पर बड़ी एलईडी स्क्रीन लगाकर मदन राठौर का बयान आमजन को दिखाया और सुनाया गया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि पाकिस्तान को लेकर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का बयान बेहद निंदनीय है।
जिलाध्यक्ष प्रमोद सिसोदिया सहित कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पुलवामा आतंकी हमले में देश के 40 जवान शहीद हुए थे, वहीं पहलगाम आतंकी हमले में 26 निर्दाेष नागरिकों की जान गई थी। ऐसे में पाकिस्तान का समर्थन करने जैसा कोई भी बयान देश के वीर सैनिकों, शहीदों और आतंकवाद से पीड़ित परिवारों का अपमान है। कांग्रेस ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के बयान की कड़ी निंदा करते हुए विरोध दर्ज कराया।
प्रदर्शन में पूर्व नगर परिषद सभापति संदीप शर्मा, अजय लोट, शिल्पन साहू, दिनेश गुर्जर, नासिर खान, विजय चौहान, इम्तियाज हुसैन, महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष यशोदा पुरोहित, गौतम विजयवर्गीय, सफीना खान, युवा कांग्रेस विधानसभा अध्यक्ष रामरतन गाडरी, शहर अध्यक्ष सद्दाम खान, एनएसयूआई के युवराज सिंह चौहान सहित विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी एवं सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।