रतलाम। मध्यप्रदेश लोक शिक्षण संचालनालय के अपर संचालक मनीष वर्मा एवं सहायक जिला परियोजना समन्वयक मुकेश ठन्ना ने शुक्रवार को एकीकृत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सरसी का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान अपर संचालक ने सत्र 2027-28 में सरसी स्कूल को पीएम श्री विद्यालय बनाए जाने की घोषणा की, जिससे विद्यालय परिवार में खुशी की लहर दौड़ गई।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने वर्ष 2025-26 में नवनिर्मित विद्यालय भवन का अवलोकन कर कक्षा-कक्षों, प्रयोगशाला, पुस्तकालय, शौचालय और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
अपर संचालक वर्मा ने कक्षा 9वीं एवं 10वीं के विद्यार्थियों से सीधे संवाद कर गणित, विज्ञान और हिंदी विषय के बुनियादी प्रश्न पूछे। विद्यार्थियों के उत्तरों पर संतोष व्यक्त करते हुए उन्होंने शिक्षकों को बोर्ड परीक्षा के मद्देनजर कक्षा 10वीं के विद्यार्थियों पर विशेष ध्यान देने और शैक्षणिक गुणवत्ता सुधारने के निर्देश दिए।
उन्होंने बताया कि पीएम श्री विद्यालय बनने के बाद स्कूल में आधुनिक प्रयोगशाला, स्मार्ट क्लास सहित अन्य शैक्षणिक सुविधाओं का विस्तार होगा। इस अवसर पर विद्यालय की प्राचार्य भारती भावसार ने पुष्पगुच्छ भेंट कर अतिथियों का स्वागत किया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।