नीमच। ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता बनाए रखने और स्वच्छ वातावरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कलेक्टर हिमांशु चंद्रा एवं जिला पंचायत सीईओ अमन वैष्णव के मार्गदर्शन में जिले की ग्राम पंचायतों में प्रत्येक शनिवार को विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है। इस गतिविधि को ‘स्वच्छता शनिवार’ के तहत संचालित किया जा रहा है।
अभियान के अंतर्गत ग्राम पंचायतों में जनसहयोग से गांवों के प्रमुख स्थानों, सार्वजनिक स्थलों और मार्गों पर साफ-सफाई कर श्रमदान किया जा रहा है। ग्रामीणों की सहभागिता से सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ रखने और गांवों के परिवेश को साफ-सुथरा बनाने के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।
इसके साथ ही जनपद पंचायत स्तर पर घर-घर कचरा संग्रहण करने वाले वाहनों यानी स्वच्छता रथ के संचालन की निगरानी भी की जा रही है, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित रूप से कचरा संग्रहण सुनिश्चित किया जा सके।
स्वच्छता शनिवार के तहत ग्राम पंचायत बोरखेड़ी कलां, भादवामाता, मोरवन, जमुन्यारावजी, सेमली ई.मु., जन्नोद और पड़दा सहित जनपद पंचायत नीमच, जावद एवं मनासा क्षेत्र की विभिन्न ग्राम पंचायतों में विशेष सफाई अभियान चलाया गया। इस दौरान ग्रामीणों ने जनसहयोग से सफाई कार्यों में भागीदारी निभाई।
जिले में संचालित इस अभियान का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना, सामुदायिक सहभागिता को प्रोत्साहित करना और गांवों में स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण बनाए रखना है।