नीमच। जिले में अवैध मदिरा के निर्माण, संग्रहण और विक्रय पर अंकुश लगाने के लिए आबकारी विभाग द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 17 अक्टूबर को आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने वृत्त मनासा के ग्राम चपलाना, भांडया, गंगा बावड़ी सहित अन्य स्थानों पर कार्रवाई करते हुए लगभग 420 किलोग्राम महुआ लहान और 18 लीटर हाथ भट्टी मदिरा जब्त की।
कार्रवाई के दौरान मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम, 1915 की धारा 34(1) के तहत तीन प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिए गए। जब्त सामग्री का अनुमानित बाजार मूल्य 46 हजार 500 रुपये बताया गया है।
यह कार्रवाई जिला आबकारी अधिकारी बी.एल. दांगी के मार्गदर्शन एवं सहायक जिला आबकारी अधिकारी बी.एल. सिंगाड़ा के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में आबकारी उपनिरीक्षक पंकज राठौर और दीपक आंजना सहित आबकारी आरक्षक विष्णु यादव, महेश गहलोत, विलास डगिया, बलवंत भाटी, हंसराज बिलवाल, निशा राजपूत एवं मधुमिता मालवीय शामिल रहे।
आबकारी विभाग ने जिले में अवैध मदिरा के निर्माण, संग्रहण और विक्रय के विरुद्ध इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रखने की बात कही है।