नीमच। मध्यप्रदेश शासन के समग्र शिक्षा अभियान के अंतर्गत संचालित निःशुल्क साइकिल वितरण योजना ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों, विशेषकर बालिकाओं के लिए शिक्षा की राह आसान बना रही है। इसी क्रम में ग्राम बोरखेड़ी पानेरी में नौ स्कूली बच्चों को निःशुल्क साइकिल वितरित की गई। साइकिल मिलने के बाद बच्चों में उत्साह का माहौल नजर आया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा मंडल उपाध्यक्ष एवं जनपद सदस्य प्रतिनिधि मोहन नागदा, ग्राम पंचायत सरपंच देवकिशन नागदा तथा समाजसेवी सुरेश नागदा उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने बच्चों को साइकिल वितरित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर मोहन नागदा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए शासन की महत्वाकांक्षी निःशुल्क साइकिल वितरण योजना के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में कई विद्यार्थियों को माध्यमिक विद्यालय तक पहुंचने के लिए दूसरे गांवों की दूरी तय करनी पड़ती है। ऐसे में साइकिल मिलने से विद्यार्थियों को स्कूल आने-जाने में सुविधा होगी और वे नियमित रूप से अपनी पढ़ाई जारी रख सकेंगे।
ग्रामीण बालिकाओं के लिए शिक्षा की राह आसान
निःशुल्क साइकिल वितरण योजना का उद्देश्य उन विद्यार्थियों को विद्यालय तक पहुंचने में सुविधा देना है, जो प्राथमिक शिक्षा पूरी करने के बाद दूसरे गांव या स्थान पर स्थित माध्यमिक विद्यालय में प्रवेश लेते हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में परिवहन सुविधा के अभाव और अधिक दूरी के कारण कई बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होती है। साइकिल मिलने से इन विद्यार्थियों को आवागमन में सुविधा मिलती है और शिक्षा जारी रखने के लिए प्रोत्साहन मिलता है।
योजना से न केवल विद्यालय तक पहुंच आसान हो रही है, बल्कि बालिकाओं में आत्मविश्वास भी बढ़ रहा है। अभिभावकों को भी बेटियों की पढ़ाई आगे जारी रखने के लिए प्रोत्साहन मिल रहा है।
कार्यक्रम में शिक्षक सुरेश शर्मा, सचिव कमल सिंह तवर सहित विद्यालय का स्टाफ उपस्थित रहा। कार्यक्रम का संचालन एवं आभार प्रदर्शन अध्यापक सुभाष तुगनावत ने किया।