गरोठ-भानपुरा। मंदसौर जिले में मलेरिया के बढ़ते मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने सतर्कता बढ़ा दी है। कलेक्टर श्री दिव्यांक सिंह के निर्देश पर भानपुरा ब्लॉक के ग्राम कोटड़ी टैंक, छोटी कोटड़ी, भानपुरा छतरी, थगी और बड़ोदिया में विशेष टीमें गठित कर घर-घर सर्वे और जांच अभियान चलाया जा रहा है। विभाग द्वारा मच्छरों के लार्वा को नष्ट करने के साथ ही संक्रमण की रोकथाम के लिए विभिन्न एंटी-मलेरिया गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।
643 घरों का सर्वे, 15 लोग रैपिड किट से पॉजिटिव-
स्वास्थ्य विभाग के सर्वे के दौरान कुल 643 घरों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान 2,969 पानी के कंटेनरों की जांच की गई। इनमें से 46 घरों में मच्छरों का लार्वा मिलने पर उसे तत्काल नष्ट किया गया।
मलेरिया की जांच के लिए 216 लोगों की रैपिड किट से जांच की गई, जिनमें 15 लोग पॉजिटिव पाए गए। इसके अलावा 153 लोगों की स्लाइड बनाकर जांच की गई, जिनमें 13 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई।
दो संभावित मौतों का डेथ ऑडिट जारी-
क्षेत्र में बुखार से संबंधित दो मरीजों की मृत्यु की सूचना मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग द्वारा डेथ ऑडिट किया जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार, जांच पूरी होने के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि हो सकेगी।
फॉगिंग और दवा छिड़काव सहित एहतियाती कदम-
प्रभावित गांवों में मलेरिया के प्रसार को रोकने के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा फॉगिंग और पायरेथ्रम स्प्रे कराया जा रहा है। मच्छरों के लार्वा को नष्ट करने के लिए नालियों में टेमीफॉस का उपयोग किया जा रहा है। स्वास्थ्य कार्यकर्ता घर-घर पहुंचकर लोगों को मलेरिया से बचाव, साफ-सफाई और समय पर जांच कराने के प्रति जागरूक कर रहे हैं।
स्वास्थ्य विभाग की नागरिकों से अपील-
डॉ. आर.के. द्विवेदी ने नागरिकों से मच्छरों से बचाव के लिए सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि घरों में सोते समय मच्छरदानी का उपयोग करें, आसपास पानी जमा न होने दें और पानी के बर्तनों की नियमित सफाई करें। बुखार आने पर लापरवाही न बरतें तथा नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर जाकर जांच कराएं और चिकित्सक की सलाह के अनुसार उपचार लें।
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे सर्वे टीमों का सहयोग करें और मलेरिया से बचाव के लिए जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।