मंदसौर। मंदसौर से पिपलियामंडी लौट रहे चाचा-भतीजे की बाइक शनिवार रात थड़ोद टोल टैक्स से पहले एक फैक्ट्री के पास सड़क पार कर रहे राहगीर से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार विजय (32) और उनका 17 वर्षीय भतीजा अजीत डांगी घायल हो गए। वहीं, बाइक की टक्कर से घायल हुए राहगीर रामधारी पिता गोपी की हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें उदयपुर रेफर किया गया।
सड़क पार कर रहे राहगीर से टकराई बाइक-
जानकारी के अनुसार, पिपलियामंडी निवासी विजय अपने भतीजे अजीत के साथ मंदसौर से गरबे की ड्रेस लेकर बाइक से लौट रहे थे। शनिवार रात करीब 9 बजे थड़ोद टोल टैक्स से पहले एक फैक्ट्री के पास अचानक सड़क पार कर रहे रामधारी बाइक के सामने आ गए। इससे बाइक उनसे टकरा गई। टक्कर के बाद विजय और अजीत सड़क पर गिरकर घायल हो गए, जबकि राहगीर रामधारी को भी गंभीर चोटें आईं।
चाचा-भतीजे को भी गंभीर चोटें-
हादसे में विजय के बाएं हाथ और दाएं पैर में फ्रैक्चर हुआ है। उनके दाएं हाथ और कंधे पर भी चोटें आई हैं। वहीं, अजीत के हाथ-पैर और पेट के पास चोट लगी है। रामधारी के सिर, हाथ और पैर में चोटें आने की जानकारी सामने आई है।
गंभीर हालत में राहगीर उदयपुर रेफर-
हादसे के बाद टोल एंबुलेंस की मदद से तीनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। यहां विजय को ऑर्थाे वार्ड और अजीत को मेल मेडिकल वार्ड में भर्ती कर उपचार शुरू किया गया। रामधारी की हालत गंभीर होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें उदयपुर रेफर कर दिया गया।
गरबा कार्यक्रम के लिए ड्रेस लेने गए थे मंदसौर-
जानकारी के अनुसार, नवरात्रि के अवसर पर शनिवार को पिपलियामंडी में फैंसी ड्रेस गरबा कार्यक्रम आयोजित होना था। इसी कार्यक्रम के लिए विजय अपने भतीजे अजीत के साथ मंदसौर से ड्रेस लेने गए थे। ड्रेस लेकर लौटते समय रास्ते में यह हादसा हो गया।