बड़वानी। जिले की अंजड कृषि उपज मंडी के बाहर अब सड़क जाम करने वालों पर पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी। पुलिस ने मंडी के बाहर चेतावनी बोर्ड लगाकर लोगों को कानून-व्यवस्था बनाए रखने की हिदायत दी है। पिछले कुछ दिनों से मंडी में कपास और अन्य कृषि उपज के कम दाम मिल रहे हैं। इससे नाराज किसान अंजड-बड़वानी मुख्य सड़क पर जाम लगाकर प्रदर्शन कर रहे हैं। इन प्रदर्शनों से स्कूली बच्चों, यात्रियों और आम लोगों को काफी परेशानी होती है। अंजड थाना प्रभारी नाथूसिंह रंधा ने बताया कि आम जनता के लिए चेतावनी बोर्ड लगाए गए हैं। पुलिस-प्रशासन ने लोगों से कानून-व्यवस्था बनाए रखने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि जो लोग सरकार से अपनी मांगें रखना चाहते हैं, वे सीधे सरकार के सामने रखें। सड़क जाम कर आम जनता को परेशान न करें। अब अगर कोई भी व्यक्ति सड़क जाम करते पाया गया, तो उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।