खरगोन। टेमला रोड़ स्थित जिला जेल से शुक्रवार को पॉक्सो एक्ट के आरोप में सजा काट रहा एक बंदी लापता होने की सूचना से हड़कंप मचा हुआ है। मामले की जानकारी मिलने पर मेनगांव थाना पुलिस भी उसकी तलाश में जुट गई है। इस मामले में बड़वानी संभाग की टीम जांच के लिए जेल पहुंची है।
मेनगांव थाने से मिली जानकारी अनुसार खरगोन के इंदिरा नगर निवासी अरुण पिता गणेश धुर्वे को वर्ष 2022 में एक 15 वर्षीय नाबालिग लड़की को शादी का झांसा देकर साथ ले जाने के बाद दुष्कर्म करने के मामले में न्यायालय ने हाल ही में 7 अक्टूबर को 20 वर्ष के सश्रम कारावास एवं अर्थदंड से दंडित किया था। अरुण शुक्रवार को जेल से प्रहरियों को चकमा देकर फरार हो गया। इसकी जेल प्रबंधन से सूचना मिलने के बाद तलाश की जा रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि बंदी जेल से कैसे और किन परिस्थितियों में लापता हुआ। मामले की जांच जारी है।
घटना की जानकारी होते ही जेल विभाग के आला अधिकारी जिला जेल पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही मामले की जानकारी ली। मामले में लापरवाही बरतने पर जेल अधिकारियों सहित कर्मचारियों पर कार्रवाई की गाज भी गिर सकती है। मेनगांव थाना पुलिस ने बंदी की तलाश के लिए टीमें बनाई है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।