रतलाम। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच के लिए विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर नमूने लिए। नमूनों को जांच के लिए भोपाल स्थित प्रयोगशाला भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
करमदी स्थित नवीश फूड नमकीन क्लस्टर में निरीक्षण के दौरान जादूगर नमकीन एवं टू मच पापा फ्राइम्स के नमूने लिए गए। वहीं, योगेश बालाजी फूड प्रोडक्ट से रिफाइंड पाम ऑयल, नमकीन गठिया और साबूदाना नमकीन के नमूने लिए गए। निरीक्षण के दौरान स्वच्छता संबंधी कमियां पाए जाने पर संबंधित फर्म को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम की धारा 32 के तहत नोटिस जारी किया जाएगा।
इसी क्रम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी प्रीति मंडोरिया ने शिवगढ़ एवं सैलाना में विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान बेसन, बूंदी, ऑरेंज कैंडी, दाल और सोयाबीन ऑयल के नमूने लिए गए।
विभाग के अनुसार, सभी नमूनों को जांच के लिए भोपाल भेजा जाएगा। प्रयोगशाला से रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।