ग्वालियर। शीतला माता मंदिर के पास हुए भीषण सड़क हादसे के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सख्त रुख अपनाते हुए पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों पर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। झांसी रोड के CSP रवि भदौरिया को पद से हटा दिया गया है, जबकि तीन थाना प्रभारियों समेत आठ पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों को निलंबित करने के निर्देश दिए गए हैं। हादसे के बाद श्रद्धालुओं की सुरक्षा में लापरवाही को लेकर सरकार ने जवाबदेही तय की है।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर झांसी रोड थाना प्रभारी शक्ति सिंह यादव, आंतरी थाना प्रभारी गीतेश शर्मा, झांसी रोड ट्रैफिक थाना प्रभारी अभिषेक रघुवंशी, यातायात निरीक्षक राघवेंद्र जादौन, प्रधान आरक्षक सुशील द्विवेदी और आरक्षक किशन खन्ना, अनिल जैतपुरिया व पवन सेंगर के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। CSP को मिलाकर कुल नौ पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों पर कार्रवाई हुई है।
मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख की सहायता
हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों को राज्य सरकार की ओर से 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। गंभीर रूप से घायल लोगों को 2-2 लाख रुपये और अन्य घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता देने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही सभी घायलों का नि:शुल्क उपचार कराया जाएगा।
मंत्रियों को ग्वालियर पहुंचने के निर्देश
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंत्री एदल सिंह कंषाना और राकेश शुक्ला को ग्वालियर पहुंचकर प्रभावित परिवारों से मिलने के निर्देश दिए हैं। हादसे से प्रभावित परिवार ग्वालियर, शिवपुरी और श्योपुर के बताए गए हैं। मुख्यमंत्री ने मृतकों के प्रति शोक संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और मामले में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।