छतरपुर। राजनगर विधानसभा क्षेत्र के लवकुशनगर में रविवार को क्षेत्रीय विधायक अरविंद पटेरिया के नेतृत्व में भव्य चुनरी यात्रा निकाली गई। यात्रा में हजारों श्रद्धालुओं और बड़ी संख्या में मातृशक्ति ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। माता के जयकारों से पूरा नगर भक्तिमय हो गया।
चुनरी यात्रा का शुभारंभ दोपहर 1 बजे सिंचाई कॉलोनी स्थित दुर्गा मंदिर से हुआ। इससे पहले विधायक अरविंद पटेरिया ने मंच से मातृशक्ति और नगरवासियों को संबोधित किया। इसके बाद यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए बम्बरबैनी माता मंदिर के लिए रवाना हुई। रास्ते में जगह-जगह नगरवासियों ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का भव्य स्वागत किया।
श्रद्धालुओं के साथ पैदल मंदिर पहुंचे विधायक पटेरिया ने मां बम्बरबैनी के चरणों में विशाल चुनरी अर्पित कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इसके बाद आयोजित भंडारे में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
गौरतलब है कि विधायक अरविंद पटेरिया द्वारा प्रतिवर्ष मां बम्बरबैनी के प्रति आस्था और श्रद्धा के साथ चुनरी यात्रा का आयोजन किया जाता है। विधायक ने कहा कि मां के चरणों में चुनरी अर्पित कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि, खुशहाली और जनकल्याण की कामना की गई है।