नीमच। जिले के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल मां भादवामाता में आयोजित मेले के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और पैदल आवागमन को देखते हुए नीमच यातायात पुलिस ने विशेष यातायात व्यवस्था लागू की है। इसका उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं की आशंका को कम करना, पैदल श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना और शहर में यातायात को सुचारू बनाए रखना है।
भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध-
यातायात पुलिस के अनुसार, 19 अक्टूबर 2026 को दोपहर 2 बजे से 20 अक्टूबर 2026 को सुबह 10 बजे तक नीमच शहर में भारी मालवाहक वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। इसमें परचून सामग्री के ट्रक एवं आइसर, ट्रेलर, डंपर, गिट्टी और निर्माण सामग्री ले जाने वाले वाहन सहित अन्य व्यावसायिक भारी वाहन शामिल हैं। इस अवधि में भाटखेड़ा फंटा, जावद फंटा, जेतपुरा फंटा और मालखेड़ा फंटा से भारी वाहनों को शहर में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।
मैसी शोरूम से यातायात डायवर्ट-
19 अक्टूबर को शाम 4 बजे से मैसी शोरूम की ओर से आने वाले सामान्य यातायात को निर्धारित वैकल्पिक मार्ग से डायवर्ट किया जाएगा। वाहन चालकों को मैसी शोरूम से अंबेडकर रोड, कलेक्ट्रेट मार्ग और जावद फंटा होते हुए शहर के बाहर जाने वाले मार्ग का उपयोग करने के निर्देश दिए गए हैं। वाहन चालक यातायात संकेतकों और पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करें।
जेतपुरा फंटा मार्ग पर विशेष प्रतिबंध-
भादवामाता मेले में पैदल जाने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए जेतपुरा फंटा तथा मैसी शोरूम से जेतपुरा फंटा की ओर जाने वाले मार्ग पर सामान्य वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। इसी तरह भाटखेड़ा फंटा की ओर से मेला मार्ग पर वाहनों के प्रवेश पर भी निर्धारित प्रतिबंध लागू रहेंगे।
आवश्यक सेवाओं और आपातकालीन वाहनों का संचालन यातायात पुलिस के निर्देशानुसार किया जाएगा। प्रतिबंधित मार्गों पर प्रवेश करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
व्यापारियों और ट्रांसपोर्टर्स से अपील-
यातायात पुलिस ने व्यापारियों एवं परिवहन व्यवसायियों से अपील की है कि वे 19 अक्टूबर को दोपहर 2 बजे से पहले अपने प्रतिष्ठानों से संबंधित माल की लोडिंग-अनलोडिंग और परिवहन कार्य पूरा कर लें। प्रतिबंधित अवधि में भारी मालवाहक वाहनों को शहर में प्रवेश के लिए न भेजें तथा वाहन चालकों को यातायात व्यवस्था की पूर्व जानकारी दें, ताकि जाम और आमजन को होने वाली असुविधा से बचा जा सके।
श्रद्धालुओं से सहयोग की अपील-
पुलिस प्रशासन ने आमजन एवं श्रद्धालुओं से यातायात व्यवस्था में सहयोग करने, प्रतिबंधित मार्गों पर वाहन नहीं ले जाने और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की अपील की है। ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के निर्देशों का पालन करने की भी अपील की गई है।
नीमच यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया कि पैदल श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वाेच्च प्राथमिकता है। सुरक्षित यात्रा और सुगम यातायात सुनिश्चित करने के लिए सभी नागरिकों का सहयोग आवश्यक है।