गरोठ। मंदसौर जिले की गरोठ थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक पिकअप वाहन से 220 किलोग्राम डोडाचूरा जब्त किया है। आरोपी प्लास्टिक की खाली कैरेट के नीचे 11 काले प्लास्टिक के कट्टों में डोडाचूरा छिपाकर ले जा रहे थे। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर तस्करी में प्रयुक्त पिकअप वाहन, दो मोबाइल और 40 खाली कैरेट भी जब्त किए हैं।
मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई-
पुलिस के अनुसार, 18 अक्टूबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक सफेद रंग की पिकअप में प्लास्टिक की खाली कैरेट के नीचे कट्टों में अवैध डोडाचूरा छिपाकर पिपल्या जत्ती की ओर से गरोठ होते हुए 8-लेन की तरफ ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए पिकअप वाहन क्रमांक T0726PB5198E को रोका और तलाशी ली। तलाशी के दौरान 11 काले प्लास्टिक के कट्टों में भरा कुल 220 किलोग्राम डोडाचूरा बरामद हुआ।
पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। जब्त डोडाचूरा की अनुमानित कीमत 4 लाख 40 हजार रुपये बताई गई है। इसके अलावा करीब 10 लाख रुपये कीमत का पिकअप वाहन, दो मोबाइल फोन और 40 खाली कैरेट भी जब्त किए गए हैं।
उत्तर प्रदेश के निवासी, पंजाब में रह रहे थे आरोपी-
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुरेन्द्रसिंह (26), निवासी चंदोई, थाना इस्लामनगर, जिला बदायूं (उत्तर प्रदेश), वर्तमान निवासी पंजाब तथा रामशरन (21), निवासी ग्राम लावर, थाना गुन्नौर, जिला संभल (उत्तर प्रदेश), वर्तमान निवासी मोहाली, पंजाब के रूप में हुई है।
पुलिस ने थाना गरोठ में अपराध क्रमांक 423/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15 में प्रकरण दर्ज किया है। गिरफ्तार आरोपियों से डोडाचूरा के स्रोत और तस्करी से जुड़े अन्य पहलुओं के संबंध में पूछताछ की जा रही है।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में कार्रवाई-
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक मंदसौर विनोद कुमार मीणा के निर्देश पर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गरोठ राम सनेही मिश्रा एवं एसडीओपी गरोठ विजय कुमार यादव के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी गरोठ उपनिरीक्षक बलवीरसिंह यादव के निर्देशन में की गई। कार्रवाई में सहायक उपनिरीक्षक बलवानसिंह देवड़ा और पुलिस टीम का सराहनीय योगदान रहा।