नीमच। शारदीय नवरात्रि की अष्टमी एवं नवमी पर 19 और 20 अक्टूबर 2026 को मां भादवामाता मंदिर में मेले एवं हवन का आयोजन होगा। इस दौरान नीमच, जावद, मनासा, मंदसौर सहित आसपास के क्षेत्रों और सीमावर्ती जिलों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पैदल और वाहनों से दर्शन के लिए पहुंचेंगे। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सड़क दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए यातायात पुलिस, जिला नीमच ने मंदिर परिसर, आसपास के मार्गों और नीमच शहर के लिए विशेष यातायात कार्ययोजना जारी की है।
भादवामाता मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए मार्ग व्यवस्था-
1. रामपुरा, कुकड़ेश्वर और मनासा से नीमच एवं चित्तौड़गढ़ जाने वाले वाहन: 19 अक्टूबर, सोमवार को दोपहर 12 बजे से भादवामाता मंदिर जाने वाले दर्शनार्थियों के वाहनों को छोड़कर अन्य वाहन अल्हेड़ फंटा, अल्हेड़ गांव, पिपल्या रावजी, बांगरेड़, लासूर, धामनिया, सरवानिया महाराज और नेवड़ होते हुए मालखेड़ा फंटा की ओर डायवर्ट किए जाएंगे।
2. रामपुरा, कुकड़ेश्वर और मनासा से मंदसौर जाने वाले वाहन: 19 अक्टूबर को दोपहर 12 बजे से ऐसे वाहनों को मनासा, महागढ़, झारड़ा, नारायणगढ़ और पिपलियामंडी होते हुए मंदसौर की ओर भेजा जाएगा। भादवामाता मंदिर जाने वाले दर्शनार्थियों के वाहन इस व्यवस्था से अलग रहेंगे।
3. दर्शनार्थी बसों का मार्ग: 19 अक्टूबर को शाम 4 बजे से मंदसौर, नीमच और निंबाहेड़ा की ओर से आने वाली दर्शनार्थी बसें मालखेड़ा फंटा से डायवर्ट होकर जावी और उचेड़ होते हुए उचेड़ रोड स्थित पार्किंग स्थल पर खड़ी होंगी।
4. मंदिर से लौटने वाले वाहन: आवश्यकता पड़ने पर दर्शन के बाद निकलने वाले वाहनों को जवासा रोड स्थित गौशाला के पास से सावन गांव की ओर जाने वाले कच्चे मार्ग पर डायवर्ट किया जाएगा। इन वाहनों का निकास बीस भुजा माता मंदिर के सामने मुख्य नीमच-मनासा रोड पर होगा।
5. जवासा की ओर से आने वाले वाहन: 19 अक्टूबर को जवासा से बर्डिया जागीर, पिपल्या रावजी और उचेड़ जाने वाले दोपहिया एवं चारपहिया वाहनों को सिंह द्वार के पास बनाए गए बायपास से, श्रद्धा भवन के पीछे होते हुए, डायवर्ट किया जाएगा।
श्रद्धालुओं के लिए निर्धारित मार्ग-
मंदसौर, नीमच और निंबाहेड़ा से आने वाले श्रद्धालु: दोपहिया, तिपहिया और चारपहिया वाहन जेतपुरा फंटा से रेवली-देवली और जवासा होते हुए भादवामाता स्थित निर्धारित पार्किंग स्थल तक जाएंगे।
रामपुरा, कुकड़ेश्वर और मनासा से आने वाले श्रद्धालु: सावन गांव के रास्ते भादवामाता जाने वाले मार्ग पर प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। इन वाहनों को जवासा चौराहा होते हुए निर्धारित पार्किंग स्थल तक जाना होगा।
मंदसौर की ओर से पिपलियामंडी, नारायणगढ़ और झारड़ा के रास्ते आने वाले श्रद्धालु: दोपहिया, तिपहिया और चारपहिया वाहन जवासा चौराहा होते हुए भादवामाता की पार्किंग तक पहुंचेंगे।
चार स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था-
यातायात पुलिस ने अलग-अलग श्रेणियों के वाहनों के लिए पार्किंग स्थल निर्धारित किए हैं।
वाहन श्रेणी
निर्धारित पार्किंग स्थल
मंदिर से दूरी
दर्शनार्थी बसें
जवासा रोड स्थित खेत
लगभग 400 मीटर
चारपहिया वाहन
सौंधिया राजपूत एवं शर्मा धर्मशाला
लगभग 300 मीटर
दोपहिया वाहन
सावन रोड स्थित खेत
लगभग 200 मीटर
मालखेड़ा एवं जावी की ओर से आने वाले वाहन
उचेड़ रोड स्थित खेत
लगभग 500 मीटर
नीमच शहर में भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित-
भादवामाता मेले के मद्देनजर 19 अक्टूबर को दोपहर 2 बजे से 20 अक्टूबर को सुबह 10 बजे तक नीमच शहर में भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। प्रतिबंध के दायरे में आयशर, ट्रक, ट्रेलर, डंपर, गिट्टी एवं निर्माण सामग्री का परिवहन करने वाले वाहन, भारी मालवाहक वाहन और अन्य व्यावसायिक वाहन शामिल हैं। भाटखेड़ा फंटा, जेतपुरा फंटा, मालखेड़ा फंटा और जावद फंटा से शहर में भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
व्यापारियों और ट्रांसपोर्टरों के लिए निर्देश-
जिले के व्यापारियों, थोक विक्रेताओं, ट्रांसपोर्टरों, औद्योगिक इकाइयों, गिट्टी एवं निर्माण सामग्री व्यवसायियों और भारी मालवाहक वाहन संचालकों से कहा गया है कि वे 19 अक्टूबर को दोपहर 2 बजे से पहले माल की लोडिंग, अनलोडिंग और परिवहन का कार्य पूरा कर लें। वाहन चालकों को प्रतिबंध की अवधि के बारे में पहले से सूचित करें और प्रतिबंधित समय में भारी मालवाहक वाहन शहर में न भेजें, ताकि यातायात बाधित न हो।
मैसी शोरूम से जेतपुरा फंटा जाने वाले मार्ग पर डायवर्जन-
श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए 19 अक्टूबर को शाम 4 बजे से मैसी शोरूम की ओर आने वाले सामान्य यातायात को वैकल्पिक मार्ग से निकाला जाएगा। निर्धारित मार्ग मैसी शोरूम से अंबेडकर रोड, कलेक्टर चौराहा और जावद फंटा होते हुए शहर के बाहर की ओर रहेगा।
पुलिस की श्रद्धालुओं से अपील-
जिला नीमच पुलिस ने नागरिकों, व्यापारी संगठनों, ट्रांसपोर्टरों, वाहन चालकों और श्रद्धालुओं से यातायात व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की है। श्रद्धालुओं से निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने, प्रतिबंधित मार्गों पर अनावश्यक रूप से वाहन नहीं ले जाने और ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के निर्देशों का पालन करने का आग्रह किया गया है। यातायात नियमों और प्रतिबंधों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।