मंदसौर। विजयादशमी (दशहरा) के पावन अवसर पर 20 अक्टूबर को मंदसौर में शस्त्र पूजन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। मध्यप्रदेश शासन के सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा 18 अक्टूबर 2026 को जारी निर्देशों के अनुसार, प्रदेशभर में विजयादशमी पर शस्त्र पूजन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इसी क्रम में मध्यप्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं मल्हारगढ़ विधानसभा क्षेत्र के विधायक जगदीश देवड़ा मंदसौर स्थित पुलिस कंट्रोल रूम में शस्त्र पूजन करेंगे। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक सहित संबंधित पुलिस अधिकारी उपस्थित रहेंगे।
शासन के निर्देशानुसार होंगे आयोजन-
मध्यप्रदेश शासन के सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी निर्देशों में विजयादशमी पर शस्त्र पूजन कार्यक्रम आयोजित करने के संबंध में दिशा-निर्देश दिए गए हैं। इनके अनुसार, जिन जिलों में मंत्रिपरिषद के सदस्यों को मुख्य अतिथि के रूप में नामांकित किया गया है, वहां निर्धारित कार्यक्रम आयोजित होंगे। अन्य जिलों में कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा शस्त्र पूजन कार्यक्रम किया जाएगा। संबंधित अधिकारियों को आयोजन की आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
आमजन भी घरों में करें शस्त्र पूजन-
विजयादशमी भारतीय संस्कृति, परंपरा और आस्था से जुड़ा महत्वपूर्ण पर्व है। इस दिन शस्त्र पूजन का विशेष महत्व माना जाता है। यह परंपरा शौर्य, साहस, आत्मरक्षा और धर्म की रक्षा के संकल्प का प्रतीक है। आमजन अपनी धार्मिक मान्यताओं और पारिवारिक परंपराओं के अनुसार अपने घरों में भी शस्त्र पूजन कर सकते हैं और श्रद्धा एवं उत्साह के साथ दशहरा पर्व मना सकते हैं।
सत्य और धर्म की विजय का प्रतीक है विजयादशमी-
विजयादशमी का पर्व बुराई पर अच्छाई और अधर्म पर धर्म की विजय का संदेश देता है। इस अवसर पर होने वाला शस्त्र पूजन भारतीय संस्कृति की गौरवशाली परंपराओं, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्र की सुरक्षा के प्रति समर्पण की भावना को अभिव्यक्त करता है। मंदसौर के पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित होने वाला शस्त्र पूजन कार्यक्रम विजयादशमी के प्रमुख आयोजनों में शामिल रहेगा।