मंदसौर। जिले के सीतामऊ थाना क्षेत्र में रविवार रात अज्ञात कार की टक्कर से बाइक सवार 30 वर्षीय बालमुकुंद सूर्यवंशी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में उसके चेहरे पर सिर से गाल तक गहरा घाव आया, जिस पर करीब 25 टांके लगाए गए। प्राथमिक उपचार के बाद उसे सीतामऊ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से मंदसौर जिला अस्पताल रेफर किया गया।
जानकारी के अनुसार, बालमुकुंद सूर्यवंशी रतनपुरा का निवासी है। वह ड्राइवरी के साथ मजदूरी भी करता है। रविवार को राजनगर गांव में काम खत्म करने के बाद वह अपनी बजाज डिस्कवर बाइक से घर लौट रहा था। इसी दौरान सेदरामाता और लदुना के बीच एक अज्ञात कार ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे के बाद ग्रामीणों ने उसके परिजनों को सूचना दी। परिजन मौके पर पहुंचे और घायल बालमुकुंद को उपचार के लिए अस्पताल ले गए।
बालमुकुंद के छोटे भाई रामप्रसाद ने बताया कि उसका भाई कुलदेवी की पूजा के लिए घर लौट रहा था, तभी रास्ते में हादसा हो गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और टक्कर मारने वाली अज्ञात कार की तलाश में जुटी है।