सेगांव। शारदीय नवरात्रि की अष्टमी पर रविवार को सेगांव नगर में भक्ति, आस्था और सामाजिक समरसता का अद्भुत संगम देखने को मिला। जागृतम् सेवा संस्थान के तत्वावधान में लगातार 12वें वर्ष 251 मीटर लंबी चुनरी यात्रा निकाली गई। यात्रा में सर्वसमाज के प्रतिनिधियों ने एकजुट होकर चुनरी थामी और मां देवी श्री लालबाई-फूलाबाई माताजी के दरबार में पहुंचकर चुनरी अर्पित की।
यात्रा में सर्वसमाज के 21 जोड़ों ने विशेष रूप से सहभागिता की। उनकी सामूहिक भागीदारी ने एकता, सद्भाव और सामाजिक समरसता का संदेश दिया। मां के जयकारों के बीच निकली चुनरी यात्रा में मातृशक्ति, युवाओं और ग्रामीण अंचलों से आए सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लिया। सर्वसमाज की सामूहिक सहभागिता यात्रा का मुख्य आकर्षण रही। इस दौरान पूरे नगर में भक्तिमय माहौल बना रहा।
महाआरती के बाद मां को लगाया 56 भोग-
मां के दरबार में 251 मीटर लंबी चुनरी अर्पित करने के बाद सर्वसमाज की ओर से सामूहिक महाआरती की गई। इसके पश्चात मां को 56 भोग अर्पित किए गए और श्रद्धालुओं में महाप्रसादी का वितरण किया गया। धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और मां के जयकारों से वातावरण गूंज उठा।
12 वर्षों से जारी है चुनरी यात्रा की परंपरा-
जागृतम् सेवा संस्थान के सचिन पाठक ने बताया कि नगरवासियों के सहयोग से यह आयोजन पिछले 11 वर्षों से लगातार किया जा रहा है। इस वर्ष चुनरी यात्रा का 12वां आयोजन हुआ। इसका उद्देश्य धार्मिक आस्था को बढ़ावा देने के साथ समाज में एकता, आपसी सद्भाव और सामाजिक समरसता की भावना को मजबूत करना है।
संस्थान ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सर्वसमाज के प्रतिनिधियों, 21 जोड़ों, नगरवासियों, कार्यकर्ताओं और पुलिस प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।