जावरा/रतलाम। विजयादशमी पर्व पर जावरा शहर में विभिन्न स्थानों पर आयोजित होने वाले रावण दहन कार्यक्रमों के दौरान श्रद्धालुओं और आमजन की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने तथा जाम की स्थिति से बचने के लिए यातायात पुलिस ने विशेष इंतजाम किए हैं। इसके तहत शहर के तीन प्रमुख रावण दहन स्थलों के आसपास यातायात डायवर्सन, प्रवेश प्रतिबंध और पार्किंग की व्यवस्था लागू की जाएगी। यह व्यवस्था शाम 5 बजे से कार्यक्रम समाप्त होने तक प्रभावी रहेगी।
1. इकबालगंज मेला मैदान: रतलामी गेट मार्ग पर प्रतिबंध-
इकबालगंज मेला मैदान मुख्य रावण दहन स्थल रहेगा। यहां यातायात व्यवस्था के तहत पहाड़िया रोड/खाचरौद नाका से रतलामी गेट की ओर सामान्य वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। केवल कार्यक्रम में शामिल होने वाले वाहनों को प्रवेश की अनुमति दी जाएगी।
इसी तरह रतलामी गेट से खाचरौद नाका की ओर भी सामान्य वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा। आमजन रतलामी गेट या शहर में प्रवेश के लिए बरदिया कुआं, आजाद चौक और नीम चौक मार्ग का उपयोग कर सकेंगे।
कार्यक्रम समाप्त होने तक शहर के आंतरिक मार्गों पर लोडिंग वाहन, पिकअप और भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। कार्यक्रम में आने वाले वाहनों के लिए नजदीकी कॉलोनी परिसर में पार्किंग की व्यवस्था की गई है। रतलामी गेट से मुख्य कार्यक्रम स्थल तक वाहन खड़े करना प्रतिबंधित रहेगा। नो-पार्किंग क्षेत्र में वाहन खड़ा करने पर चालानी और वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
2. सेजावता में चारपहिया और भारी वाहनों का प्रवेश बंद-
सेजावता में आयोजित रावण दहन कार्यक्रम के दौरान बल्ले-बल्ले चौराहा और खाचरौद नाका से चारपहिया एवं भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। कार्यक्रम में आने वाले दोपहिया वाहनों के लिए सेजावता शासकीय स्कूल परिसर में पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
3. त्रिमूर्ति स्कूल परिसर में वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित-
त्रिमूर्ति स्कूल में आयोजित रावण दहन कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा और व्यवस्था के मद्देनजर स्कूल परिसर में किसी भी प्रकार के वाहन का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। श्रद्धालुओं के वाहनों की पार्किंग के लिए स्कूल के पास स्थित खाली कॉलोनी में व्यवस्था की गई है। वाहन चालकों से निर्धारित स्थान पर ही वाहन खड़े करने की अपील की गई है।
यातायात पुलिस की आमजन से अपील-
यातायात पुलिस जावरा ने नागरिकों से अपील की है कि प्रतिबंधित मार्गों और नो-पार्किंग क्षेत्रों में अनावश्यक रूप से वाहन लेकर न जाएं। आवागमन के लिए निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें और वाहनों को तय पार्किंग स्थलों पर ही कतारबद्ध खड़ा करें।
चौराहों और डायवर्सन पॉइंट पर तैनात पुलिसकर्मियों के निर्देशों तथा बैरिकेडिंग का पालन करें। साथ ही एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड सहित अन्य आपातकालीन वाहनों को प्राथमिकता से रास्ता दें।
यातायात पुलिस ने कहा कि आमजन की सुरक्षा और सुगम आवागमन सुनिश्चित करना प्राथमिकता है। पर्व के दौरान व्यवस्था बनाए रखने के लिए नागरिकों से सहयोग की अपील की गई है।- यातायात पुलिस जावरा, जिला रतलाम (म.प्र.)