शामगढ़। गरोठ-उज्जैन फोरलेन पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में कुरावन निवासी 22 वर्षीय श्वेता खाती पटेल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके पति अभिषेक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में पीछे से आ रही एक कार का टायर फटने की बात सामने आई है। कार चालक को भी चोटें आने की जानकारी मिली है।
कोचिंग से लौटते समय हुआ हादसा-
जानकारी के अनुसार, अभिषेक अपनी पत्नी श्वेता के साथ शामगढ़ से कोचिंग क्लास अटेंड कर गरोठ की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान गरोठ-उज्जैन फोरलेन पर पीछे से आ रही एक कार का टायर फट गया, जिसके बाद सड़क हादसा हो गया। दुर्घटना में श्वेता की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहे अभिषेक के मुंह और हाथ में गंभीर चोटें आईं। कार चालक भी घायल हुआ। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
दो दिन पहले ही गई थी ससुराल-
इस दर्दनाक घटना से परिवार में शोक छा गया है। बताया जा रहा है कि श्वेता दो दिन पहले ही कुरावन से अपने ससुराल गई थीं। परिवार के लिए यह हादसा गहरा सदमा बनकर आया है। घटना की खबर मिलते ही क्षेत्र में शोक का माहौल बन गया। कम उम्र में श्वेता की असमय मौत से परिजनों और परिचितों में दुख व्याप्त है।