बड़वानी। शहर के बोहरावाडी इलाके में मंगलवार सुबह एक सड़क हादसे में 82 साल के बुजुर्ग सज्जाद भाई डबरी की मौत हो गई। वे फजर की नमाज पढ़कर घर लौट रहे थे, तभी एक तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बुजुर्ग उछलकर सड़क किनारे नाली में जा गिरे। उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना के बाद बोहरा समाज के लोगों में गुस्सा फैल गया। बड़ी संख्या में बोहरा समाज के लोगों ने चंचल चौराहे पर सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया।
समाज के वरिष्ठ इकबाल हुसैन कापड़िया ने बताया कि यह चौराहा पैदल चलने वालों के लिए खतरनाक है। कापड़िया के अनुसार, बोहरावाडी और आसपास के इलाकों से सैकड़ों लोग रोजाना मस्जिद में नमाज पढ़ने जाते हैं। यह सड़क शहर की मुख्य सड़कों में से एक है, जहां तेज रफ्तार वाहन गुजरते हैं, जिससे अक्सर हादसे होते रहते हैं।