नीमच। जिले के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल मां महामाया भादवामाता में शारदीय नवरात्रि की महाअष्टमी पर आयोजित महाहवन मंगलवार सुबह पूर्णाहुति के साथ संपन्न हुआ। मंदिर परिसर में सोमवार रात करीब 10.30 बजे वैदिक मंत्रोच्चार के बीच महाहवन शुरू हुआ, जो रातभर चला। सुबह हवन की पूर्णाहुति के बाद महाआरती की गई। इसके साथ ही शारदीय नवरात्रि मेले का समापन हुआ।
महाअष्टमी के अवसर पर भादवामाता मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। नीमच शहर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से कई भक्त पैदल यात्रा कर माता के दरबार में पहुंचे। इनमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु नंगे पांव भी शामिल रहे। इस दौरान जिले के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने भी मंदिर पहुंचकर माता के दर्शन किए।
पदयात्रियों के लिए जगह-जगह फलाहार और प्रसादी की व्यवस्था
नीमच से भादवामाता तक पैदल आने वाले श्रद्धालुओं की सेवा के लिए सामाजिक संगठनों और शहरवासियों ने मार्ग में जगह-जगह स्वल्पाहार और प्रसादी के स्टॉल लगाए। इन शिविरों में साबूदाना खिचड़ी, फलाहारी सामग्री, केले, छाछ, दूध और ताजे फल वितरित किए गए। सेवाभावी लोगों ने श्रद्धालुओं को फलाहार कराकर उनकी यात्रा को सुगम बनाने में सहयोग दिया।
सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ आयोजन-
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस और प्रशासन की ओर से सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए। मंदिर परिसर और मेले के प्रमुख स्थानों पर पुलिस बल तैनात रहा, ताकि दर्शन और आवागमन के दौरान व्यवस्था बनी रहे। महाहवन, महाआरती और अन्य धार्मिक गतिविधियां शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुईं। सुबह पूर्णाहुति के साथ नवरात्रि मेले का समापन हो गया।