नीमच। विजयादशमी के पावन अवसर पर पुलिस लाइन नीमच में शस्त्र पूजन की परंपरा विधि-विधान के साथ निभाई गई। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच शस्त्रों एवं पुलिस वाहनों का पूजन किया गया। इस दौरान जिले की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की गई।
कार्यक्रम में पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं जावद विधायक ओमप्रकाश सखलेचा, नीमच विधायक दिलीपसिंह परिहार, भाजपा जिलाध्यक्ष वंदना खंडेलवाल, कलेक्टर हिमांशु चंद्रा और पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास सहित जनप्रतिनिधि एवं पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे। पंडित घनश्याम शास्त्री के वैदिक मंत्रोच्चार के बीच शस्त्र पूजन, प्रतीकात्मक कद्दू बलि और हवन संपन्न हुआ।
कर्तव्य और जनसुरक्षा के प्रति प्रतिबद्धता दोहराई-
शस्त्र पूजन के माध्यम से पुलिस ने शक्ति के साथ कर्तव्य, जनसुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। इस अवसर पर जिले में शांति, सौहार्द, राष्ट्रीय एकता और सामाजिक समरसता कायम रहने की कामना भी की गई।