खरगोन। वॉशिंग का काम कर रहे एक युवक की करंट लगने से मौत हो गई। परिजनों ने संचालक पर लापरवाही और सुरक्षा इंतजामों में कमी का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है।
परिजन पंकज मराठे के अनुसार, 14 अक्टूबर को धुलाई के दौरान जय को करंट लग गया। उसे तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
परिजनों का आरोप है कि यह पहली घटना नहीं है। डेढ़ माह पहले भी जय को काम के दौरान करंट लगा था। उस घटना के बाद उसने काम छोड़ दिया था, लेकिन मालिक ने ज्यादा पैसे और पूरी सुरक्षा का आश्वासन देकर उसे दोबारा काम पर बुला लिया था।
परिजनों का कहना है कि इसके बावजूद सुरक्षा के कोई पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए, जिसके चलते यह हादसा हुआ। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा है।
परिजनों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पर तत्काल कार्रवाई की मांग की है।