गुना। ग्वालियर में एएफआई फेडरेशन द्वारा आयोजित स्टेट कबड्डी प्रतियोगिता में गुना की महिला एवं पुरुष टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत हासिल की। जिला कबड्डी संघ गुना के खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया।
प्रतियोगिता में पुरुष वर्ग में गुना और ग्वालियर की टीमों के बीच मुकाबला हुआ। इसमें गुना के खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल दिखाते हुए ग्वालियर को 40-27 के अंतर से पराजित किया। वहीं, महिला वर्ग में भी गुना की टीम ने ग्वालियर को हराकर अपनी जगह पक्की की।
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर चयनित महिला एवं पुरुष खिलाड़ी आगामी स्टेट टूर्नामेंट चौंपियनशिप में ग्वालियर जोन की ओर से हिस्सा लेंगे। जबलपुर में आयोजित होने वाली इस चौंपियनशिप में दोनों वर्गों की टीमें ग्वालियर जोन का प्रतिनिधित्व करेंगी।
गुना की महिला एवं पुरुष टीमों की इस उपलब्धि पर जिला कबड्डी संघ के सदस्यों और खेल प्रेमियों ने खिलाड़ियों को बधाई दी। साथ ही उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उम्मीद जताई कि खिलाड़ी आगामी प्रतियोगिताओं में भी बेहतर प्रदर्शन कर जिले का गौरव बढ़ाएंगे।