गरोठ। विजयादशमी के अवसर पर गरोठ के दशहरा मैदान में 51 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया जाएगा। इस बार रावण का पुतला खास आकर्षण का केंद्र रहेगा। दहन से पहले रावण आंखें मटकाएगा, हाथ हिलाएगा, तलवार चलाएगा और मुंह से आग भी निकालेगा। इसके साथ ही मेघनाथ और कुंभकर्ण के पुतले भी स्थापित किए जा रहे हैं। आयोजन को लेकर दशहरा मैदान में तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं।
बच्चों के लिए मोटू-पतलू और डोरेमोन भी होंगे आकर्षण-
विजयादशमी उत्सव को खास बनाने के लिए बच्चों के मनोरंजन की भी व्यवस्था की गई है। मैदान में मोटू-पतलू और डोरेमोन जैसे लोकप्रिय कार्टून किरदार दिखाई देंगे। इसके अलावा भगवान श्रीराम की झांकी निकाली जाएगी और 51 विद्यार्थी सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ करेंगे।
इंदौर के कलाकार सजाएंगे भजन संध्या-
धार्मिक आयोजन के तहत इंदौर के कलाकारों द्वारा भजन संध्या प्रस्तुत की जाएगी। शमी पूजन के बाद रावण दहन का कार्यक्रम होगा। आयोजन को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं।
तकनीकी खराबी के बाद पुतले की मरम्मत-
पुतले स्थापित करने के दौरान तकनीकी समस्या के चलते रावण के एक निशान के टूटने की जानकारी सामने आई थी, जिसे वेल्डिंग के माध्यम से जोड़कर ठीक किया गया है। आयोजन पर तीन लाख रुपये से अधिक खर्च होने का अनुमान है। कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए भी इंतजाम किए गए हैं।