नीमच। शारदीय नवरात्रि पर्व के समापन के साथ ही नीमच में मां दुर्गा की प्रतिमाओं के विसर्जन का सिलसिला शुरू हो गया। माता रानी की विदाई के इस भावुक अवसर पर श्रद्धालु ढोल-ढमाकों और डीजे की धुन पर नाचते-गाते तथा जयकारे लगाते हुए विसर्जन स्थलों तक पहुंचे। भक्तों ने विधि-विधान और धार्मिक परंपराओं के अनुसार मां दुर्गा को विदाई दी और अगले वर्ष फिर से आगमन की कामना की।
प्रतिमा विसर्जन को लेकर नगर पालिका परिषद नीमच की ओर से विशेष व्यवस्थाएं की गईं। निर्धारित विसर्जन स्थलों पर नगर पालिका के कर्मचारी तैनात रहे। कर्मचारियों ने श्रद्धालुओं से प्रतिमाएं प्राप्त कर निर्धारित जलकुंडों में उनका विधिवत एवं सम्मानपूर्वक विसर्जन करवाया।
नगर पालिका परिषद कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार, दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए गोमाबाई रोड स्थित संजीवनी तालाब और जयसिंहपुरा रोड स्थित शिव घाट पर व्यवस्था की गई। वहीं, बड़ी प्रतिमाओं सहित आसपास के क्षेत्रों की प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए जाजू सागर बांध पर इंतजाम किए गए।
नवरात्रि के नौ दिनों तक मां दुर्गा की आराधना करने वाले श्रद्धालुओं ने नम आंखों और गगनभेदी जयकारों के बीच माता रानी को विदाई दी। विसर्जन के दौरान पूरे शहर में भक्ति, आस्था और उल्लास का माहौल देखने को मिला। भक्तों ने मां दुर्गा से सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना करते हुए अगले वर्ष फिर से पधारने की प्रार्थना की।