माउंट आबू। पर्यटन नगरी माउंट आबू में दशहरा महोत्सव-2026 को लेकर उत्साह का माहौल है। नगर पालिका मंडल आबू पर्वत के तत्वावधान में आज पोलो ग्राउंड में दशहरा महोत्सव एवं विराट कवि सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। शाम 6 बजे रामलीला का स्वागत होगा, जबकि 7 बजे रावण दहन के बाद कवि सम्मेलन और भव्य आतिशबाजी आकर्षण का केंद्र रहेंगे।
कवि सम्मेलन में आमंत्रित कवि ओज, वीर रस, हास्य और व्यंग्य से सजी रचनाओं के माध्यम से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध करेंगे। आयोजन में जहां हास्य-व्यंग्य की प्रस्तुतियां लोगों को गुदगुदाएंगी, वहीं ओजस्वी रचनाएं देशभक्ति और सामाजिक सरोकारों का संदेश देंगी।
कार्यक्रम को यादगार बनाने के लिए नगर पालिका प्रशासन तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा है। पालिका आयुक्त त्रिकम दान चारण, जेईएन गजेंद्र सिंह और स्टोर कीपर राज किशोर शर्मा सहित संबंधित कार्मिक व्यवस्थाओं का जायजा लेकर आयोजन को व्यवस्थित बनाने में लगे हैं। इसी क्रम में सीनियर रिपोर्टर कमलेश प्रजापत ने पोलो ग्राउंड पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया। दशहरा महोत्सव धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक परंपरा और साहित्यिक रंगों का संगम बनेगा।