देवास। विजयादशमी के पावन पर्व पर देवास पुलिस ग्राउंड में पुलिस विभाग द्वारा शस्त्र पूजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मध्यप्रदेश शासन के कैबिनेट मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट के मुख्य आतिथ्य में विधि-विधान के साथ शस्त्र पूजन संपन्न हुआ। इस अवसर पर जनप्रतिनिधि, पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद सहित जिले के वरिष्ठ अधिकारी एवं पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री तुलसीराम सिलावट ने विजयादशमी पर्व पर जिलेवासियों को शुभकामनाएं प्रेषित करते हुए कहा कि यह पर्व हमें सदैव धर्म और न्याय के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। उन्होंने पुलिस बल के अनुशासन, सेवा और समर्पण की सराहना करते हुए जनसेवा के लिए निरंतर तत्पर रहने का आह्वान किया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद ने विजयादशमी के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह पर्व असत्य पर सत्य और अधर्म पर धर्म की विजय का प्रतीक है। शस्त्र पूजन का यह आयोजन हमारी गौरवशाली परंपरा के साथ-साथ अपने कर्तव्यों के प्रति समर्पण और अनुशासन का संदेश भी देता है।
उन्होंने पुलिस बल की जिम्मेदारियों का उल्लेख करते हुए कहा कि आमजन की सुरक्षा, कानून-व्यवस्था बनाए रखना और समाज में शांति स्थापित करना पुलिस का प्रमुख दायित्व है। पुलिस बल सदैव कर्तव्यनिष्ठा के साथ जनसेवा और नागरिकों की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम में आस्था, परंपरा और कर्तव्यनिष्ठा का संगम देखने को मिला। विजयादशमी के पावन अवसर पर शस्त्र पूजन के माध्यम से पुलिस बल ने जनसेवा, सुरक्षा और अनुशासन के प्रति अपने संकल्प को दोहराया।