नीमच। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा के निर्देशानुसार जिले में स्वामित्व योजना के तहत पात्र ग्रामीणों को उनकी आवासीय संपत्तियों का मालिकाना हक दिलाने के लिए निःशुल्क रजिस्ट्री का कार्य किया जा रहा है। इसी क्रम में जावद एसडीएम संजीव साहू ने सिंगोली क्षेत्र के विभिन्न गांवों का भ्रमण कर रजिस्ट्री कार्य की प्रगति का निरीक्षण किया तथा राजस्व अमले को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
एसडीएम साहू ने धनगांव, तुरकिया, कछाला, पिपलीखेड़ा, ताल, पाटन, मनोहरपुरा, खेड़ा भंगोटा और उमर सहित विभिन्न गांवों में पहुंचकर निःशुल्क रजिस्ट्री कार्य का भौतिक सत्यापन किया। निरीक्षण के दौरान तहसीलदार ऋषभ कुमार ठाकुर, राजस्व निरीक्षक (आरआई) एवं वरिष्ठ पटवारी बालकिशन धाकड़ भी उपस्थित रहे।
कछाला में हितग्राही को सौंपे रजिस्ट्री दस्तावेज-
भ्रमण के दौरान एसडीएम साहू कछाला गांव में एक हितग्राही के घर पहुंचे और उसे आवासीय संपत्ति के मालिकाना हक से संबंधित रजिस्ट्री दस्तावेज सौंपे। दस्तावेज प्राप्त होने पर हितग्राही परिवार ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए प्रशासन के प्रति आभार जताया।
तकनीकी बाधाओं के बावजूद जारी है कार्य-
एसडीएम साहू ने बताया कि सिंगोली तहसील में पटवारियों एवं अन्य अमले की कमी तथा सर्वर संबंधी तकनीकी समस्याओं के कारण रजिस्ट्री कार्य में व्यावहारिक कठिनाइयां आ रही हैं। इसके बावजूद उपलब्ध संसाधनों के माध्यम से कार्य को गति देने के प्रयास किए जा रहे हैं। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा के निर्देशानुसार पात्र हितग्राहियों को योजना का लाभ दिलाने और रजिस्ट्री कार्य में तेजी लाने के लिए राजस्व अमला लगातार प्रयासरत है।
दशहरा आयोजन की व्यवस्थाओं का भी लिया जायजा-
सिंगोली प्रवास के दौरान एसडीएम साहू ने रावण दहन स्थल का निरीक्षण कर दशहरा मेले की तैयारियों एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने आयोजन को सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।