मंदसौर। पुलिसकर्मियों और आम नागरिकों को फिटनेस के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से मंदसौर पुलिस लाइन में करीब 60 लाख रुपये की लागत से हाईटेक जिम तैयार किया गया है। मंगलवार को सांसद सुधीर गुप्ता ने फीता काटकर जिम का उद्घाटन किया।
जिम में डंबल, वेटलिफ्टिंग और रनिंग मशीन सहित कई आधुनिक उपकरण लगाए गए हैं। यहां लोगों को सही तरीके से व्यायाम सिखाने के लिए ट्रेनर भी उपलब्ध रहेंगे। जिम की सुविधा पुलिसकर्मियों और उनके परिजनों के साथ-साथ आम नागरिकों को भी मिलेगी। हालांकि, आम लोगों के लिए शुल्क निर्धारित किया जाना बाकी है। अनुमान है कि मासिक फीस 500 से 700 रुपये के बीच हो सकती है।
उद्घाटन के बाद सांसद सुधीर गुप्ता ने खुद जिम की मशीनों पर व्यायाम किया। वहीं, पूर्व विधायक यशपाल सिंह सिसोदिया भी मशीनों पर कसरत करते नजर आए।
एसपी ने बताया फिटनेस का महत्व-
एसपी विनोद कुमार मीना ने बताया कि खेल विभाग के सहयोग से पुलिस लाइन में यह जिम शुरू किया गया है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में स्वस्थ रहना हर व्यक्ति के लिए जरूरी है। इसी उद्देश्य से यह पहल की गई है, ताकि लोग नियमित व्यायाम कर खुद को फिट और तंदुरुस्त रख सकें।
कार्यक्रम में कलेक्टर दिव्यांक सिंह, एसपी विनोद कुमार मीना, विधायक विपिन जैन और अन्य अतिथि उपस्थित रहे।