सिंगरौली से मदन महल जा रही इंटरसिटी एक्सप्रेस मंगलवार सुबह सिहोरा रोड रेलवे स्टेशन से पहले रुक गई। ट्रेन के S1 कोच के निचले हिस्से से धुआं निकलने लगा। रेलवे अधिकारियों और कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर हालात देखे।
ट्रेन नंबर 11652 सुबह करीब 10:45 बजे रेलवे फाटक क्रमांक 336/SPL/3T से लगभग 15 कदम आगे खड़ी हुई थी। S1 कोच से धुआं निकलने पर कर्मचारी तुरंत मौके पर पहुंचे और हालात संभाले। ट्रेन करीब 13 मिनट तक रुकी रही।
ट्रेन रुकने के दौरान रेलवे फाटक बंद रहा, जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। इससे वाहन चालकों और राहगीरों को कुछ देर दिक्कत हुई।
सिहोरा रोड रेलवे स्टेशन के स्टेशन मास्टर सुनील कुमार पटेल ने बताया कि ट्रेन की ब्रेक वाइंडिंग में गड़बड़ी हो गई थी, जिससे धुआं निकला। इसी वजह से ट्रेन रोकी गई थी। हालात संभालने के बाद ट्रेन को आगे बढ़ा दिया गया।