रतलाम। कलेक्टर अजय कटेसरिया ने सपत्नीक जवाहर नगर स्थित रामकृष्ण विवेकानंद आश्रम पहुंचकर बंगाली समाज द्वारा स्थापित मां दुर्गा की प्रतिमा के दर्शन किए और पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया। वे दशहरे के अवसर पर बंगाली परंपरा के अनुसार आयोजित दुर्गा पूजा महोत्सव में शामिल हुए।
बंगाली समाज रतलाम द्वारा आयोजित सार्वजनिक दुर्गा पूजा महोत्सव का यह 53वां वर्ष है। वर्ष 1974 में कालिका माता मंदिर परिसर से शुरू हुई यह परंपरा पिछले कई वर्षों से श्री रामकृष्ण विवेकानंद आश्रम, जवाहर नगर में श्रद्धा और उत्साह के साथ निभाई जा रही है।
बंगाली समाज की दुर्गा पूजा अपनी विशिष्ट धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं के लिए जानी जाती है। महोत्सव के दौरान विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान एवं कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं, जिनमें बड़ी संख्या में समाजजन भाग लेते हैं।
महोत्सव का प्रमुख आकर्षण मां दुर्गा की विदाई से पहले आयोजित होने वाला सिंदूर खेला है। इस रस्म में महिलाएं मां दुर्गा को सिंदूर अर्पित करती हैं और एक-दूसरे को सिंदूर लगाकर मिठाई खिलाती हैं। यह परंपरा मां दुर्गा की विदाई के अवसर पर श्रद्धा और उल्लास के साथ निभाई जाती है।