मंदसौर। शहर में आवारा कुत्तों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला 8 क्वार्टर हरिजन बस्ती मेन रोड का है, जहां साइकिल चला रहे एक मासूम बच्चे पर आवारा कुत्तों के झुंड ने अचानक हमला कर दिया। इसी दौरान वहां से गुजर रहे एक राहगीर ने अपनी गाड़ी रोककर कुत्तों को भगाया और बच्चे की जान बचाई।
पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है। घटना के बाद क्षेत्रीय रहवासियों में आक्रोश है। लोगों का कहना है कि शहर के कई इलाकों में आवारा कुत्तों के कारण बच्चों और बुजुर्गों का घर से निकलना मुश्किल हो रहा है। नागरिकों ने नगर पालिका और प्रशासन से समस्या के समाधान के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।