खरगोन/कसरावद। असत्य पर सत्य की जीत का पर्व विजयादशमी कसरावद नगर में उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। नगर परिषद द्वारा मेला मैदान में आयोजित कार्यक्रम में 41 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया गया। इस दौरान आकर्षक आतिशबाजी ने आसमान को रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगा दिया।
रावण दहन देखने के लिए नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। गांव के पटेल द्वारा रावण के पुतले का दहन किया गया। आयोजन को लेकर नगर परिषद ने प्रकाश, पेयजल, साफ-सफाई और सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए थे। वहीं पुलिस ने यातायात व्यवस्था संभाली।
मुस्लिम समाज ने पेश की भाईचारे की मिसाल
विजयादशमी पर कसरावद के मुस्लिम समाज ने भी गले मिलकर लोगों को पर्व की शुभकामनाएं दीं और गंगा-जमुनी तहजीब की मिसाल पेश की। पूरे नगर में उत्सव और आपसी भाईचारे का माहौल देखने को मिला।