सिंगोली। दशहरा पर्व के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए जावद एसडीएम संजीव कुमार साहू सिंगोली पहुंचे। उन्होंने दोपहर करीब 12 बजे सबसे पहले माताजी की प्रतिमा विसर्जन स्थल नदी घाट का निरीक्षण किया। इस दौरान सफाई, टेंट व्यवस्था और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए।
इसके बाद एसडीएम मंडी प्रांगण स्थित दशहरा मैदान पहुंचे, जहां उन्होंने रावण, कुंभकर्ण और मेघनाद के पुतलों का निरीक्षण किया। अंत में उन्होंने पटाखा बाजार का जायजा लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने और स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के बाद एसडीएम साहू ने सिंगोली तहसील के धनगांव, कछाला, पटियाल और शहनातलाई गांवों का दौरा किया। यहां उन्होंने स्वामित्व योजना के तहत पटवारियों द्वारा की जा रही रजिस्ट्रियों की प्रगति की जानकारी ली और निर्धारित समयसीमा में कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
इस दौरान तहसीलदार ऋषभ ठाकुर, नगर परिषद अध्यक्ष सुरेश जैन भाया, प्रभारी सीएमओ ओमप्रकाश शर्मा, प्रभारी राजस्व निरीक्षक बालकृष्ण धाकड़ सहित राजस्व विभाग के कर्मचारी मौजूद रहे।