बड़वानी। शहर के दशहरा मैदान पर मंगलवार रात 8 बजे 51 फीट के रावण का दहन किया गया। इसके साथ ही 40-40 फीट के कुंभकरण और मेघनाथ के पुतले भी जलाए गए। यह पूरी प्रक्रिया 5 मिनट में खत्म हो गई। इससे पहले मां कालिका मंदिर से भगवान श्रीराम की रथयात्रा निकाली गई।
इसमें भगवान श्रीराम, लक्ष्मण और हनुमानजी के रूप में सजे कलाकार मुख्य मार्गों से होते हुए दशहरा मैदान पहुंचे। नगर पालिका सीएमओ ने 20 हजार से ज्यादा लोगों के आने का दावा किया। पुरानी हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में भी 40 फीट ऊंचे रावण का दहन हुआ। दशहरा को लेकर पुलिस-प्रशासन पूरी तरह तैयार रहा। पुलिस बल जगह-जगह तैनात था और शाम से ही दशहरा मैदान से जुड़े रास्तों पर वाहनों का आना-जाना रोका गया।