सिंगोली। विजयादशमी पर्व के अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की ओर से नगर में पथ संचलन निकाला गया। पूर्ण गणवेश में स्वयंसेवकों ने बैंड की धुन पर कदमताल करते हुए अनुशासन का परिचय दिया। नगर में जगह-जगह पुष्प वर्षा और गुलाल से संचलन का स्वागत किया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पथ संचलन से पूर्व सरस्वती शिशु मंदिर परिसर स्थित संघ स्थान पर स्वयंसेवक अमित अरविंदेकर (जावद) और संघ चालक ईश्वर पाटीदार (डीकेन) ने बौद्धिक दिया। इसके बाद संघ ध्वज की पूजा-अर्चना कर पथ संचलन का शुभारंभ किया गया। बड़ी संख्या में स्वयंसेवक हाथों में लाठी लेकर बैंड की धुन पर कदमताल करते हुए आगे बढ़े।
पथ संचलन सरस्वती शिशु मंदिर परिसर से प्रारंभ होकर नया बस स्टैंड, नई आबादी, बिजासन माता मार्ग, पेट्रोल पंप, तिलस्वां चौराहा, पुराना बस स्टैंड, विवेकानंद बाजार, बापू बाजार, आजाद चौपाटी, शीतला माता मार्ग, वीर तेजाजी मार्ग और अहिंसा पथ से होते हुए पुनः संघ स्थान पहुंचा। यहां संघ गीत के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
इस दौरान थाना प्रभारी शिव रघुवंशी के निर्देशन में एसआई नसीम अहमद, प्रधान आरक्षक अंकित सिंह शक्तावत, अरुण राठौर, विशाल गंगवाल, सूचना संकलन अधिकारी अर्जुन शर्मा, रामकरण गुर्जर, आरक्षक पूजा शर्मा, नंदिनी जाटव, सुनील सांवरिया, मोहम्मद रफीक, योगेन्द्र शर्मा सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।