मनासा। विजयादशमी के अवसर पर मनासा में दशहरा पर्व हर्षाेल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। नगर के दशहरा मैदान में आयोजित रावण दहन कार्यक्रम में हजारों की संख्या में नागरिक पहुंचे। मैदान में मेले जैसा माहौल रहा। बच्चों, युवाओं और परिवारों में रावण दहन देखने को लेकर खासा उत्साह नजर आया।
कार्यक्रम के दौरान रामजी की सेना आकर्षक जुलूस के साथ दशहरा मैदान पहुंची। जुलूस में धार्मिक उत्साह और भक्ति का माहौल देखने को मिला। रावण दहन से पहले सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ किया गया। इसके बाद बुराई पर अच्छाई की जीत के प्रतीक के रूप में रावण दहन किया गया।
झूले-चकरी और खाने-पीने के स्टॉल बने आकर्षण-
दशहरा मैदान में आयोजित मेले में बच्चों के मनोरंजन के लिए झूले, चकरी और अन्य आकर्षक साधन लगाए गए थे। खाने-पीने के स्टॉल पर भी लोगों की भीड़ नजर आई। परिवारों ने मेले में घूमने, खरीदारी करने और मनोरंजन के साधनों का आनंद लिया। शाम से ही मैदान में लोगों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था।
नगर परिषद ने संभाली व्यवस्था, पुलिस रही मुस्तैद-
कार्यक्रम के दौरान नगर परिषद मनासा ने मेले की व्यवस्थाएं संभालीं। वहीं, भीड़ और वाहनों की आवाजाही को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने यातायात व्यवस्था बनाए रखने के प्रयास किए, ताकि लोगों को आवागमन में परेशानी न हो।
मनासा में दशहरा पर्व के दौरान धार्मिक आस्था, उत्साह और सामाजिक सहभागिता का सुंदर नजारा देखने को मिला। रावण दहन के साथ लोगों को बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश मिला, वहीं मेले की रौनक ने पर्व के उल्लास को और बढ़ा दिया।