सरवानिया महाराज। नगर में मंगलवार को विजयादशमी का पर्व हर्षाेल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय (सांदीपनि) परिसर में रावण के पुतले का दहन किया गया। रावण दहन देखने के लिए बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के तहत चारभुजानाथ मंदिर से भगवान श्रीराम, लक्ष्मणजी और हनुमानजी की झांकी रथ में सवार होकर रावण दहन स्थल पहुंची। यहां विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद भगवान श्रीराम के स्वरूप ने तरकश से तीर चलाकर रावण के पुतले का दहन किया। देखते ही देखते रावण का पुतला धू-धू कर जल उठा। इस दौरान उपस्थित लोगों ने बुराई पर अच्छाई की जीत के प्रतीक पर्व का उत्साहपूर्वक आनंद लिया।
इस अवसर पर पूर्व सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री तथा विधायक ओमप्रकाश सखलेचा ने नगरवासियों को विजयादशमी पर्व की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में भाजपा मंडल अध्यक्ष अर्जुन माली, नगर परिषद अध्यक्ष रूपेंद्र सिंह जैन, पूर्व उपाध्यक्ष घीसालाल मकवाना, पूर्व मंडी इंस्पेक्टर चंद्रनारायण पालीवाल, शिक्षक वीरेंद्र गुर्जर, पूर्व पार्षद जितेंद्र पाल, भेरूलाल खाती, दिनेश खटीक, पार्षद एवं पार्षद प्रतिनिधि, नगर परिषद कर्मचारी, एल्डरमैन, बिजली कंपनी के कर्मचारी, पुलिस स्टाफ सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
विजयादशमी का पर्व नगर में धार्मिक आस्था और उत्साह के साथ मनाया गया। रावण दहन के माध्यम से सत्य, धर्म और अच्छाई के मार्ग पर चलने का संदेश दिया गया।