नीमच। विजयादशमी पर्व के दूसरे दिन नीमच शहर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की ओर से पथ संचलन निकाला गया। संघ के पदाधिकारियों और स्वयंसेवकों ने निर्धारित गणवेश में हाथों में लाठी लेकर अनुशासित कदमताल के साथ शहर के प्रमुख मार्गों से संचलन किया। इस दौरान संगठन की एकजुटता, अनुशासन और राष्ट्रसेवा का संदेश दिया गया।
नीमच शहर के साथ उपनगर नीमच सिटी, बघाना, बारादरी सहित विभिन्न क्षेत्रों में भी स्वयंसेवकों ने पथ संचलन में भाग लिया। स्वयंसेवक कतारबद्ध होकर कदम से कदम मिलाते हुए आगे बढ़े। पथ संचलन के दौरान अनुशासित कतारें आकर्षण का केंद्र रहीं।
दशहरे के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से संघ की परंपरा, संगठनात्मक एकता, सामाजिक समरसता और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना को प्रदर्शित किया गया। पथ संचलन के जरिए स्वयंसेवकों ने अनुशासन और राष्ट्रसेवा के संकल्प का संदेश दिया।