खरगोन। जिले के कसरावद के ग्राम बोरावां निमाड़ अंचल की पारंपरिक संस्कृति और दशहरे की अनूठी परंपरा के बीच पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री अरुण यादव अपने गृह गांव बोरावां में बैलगाड़ी पर सवार होकर दशहरा मैदान पहुंचे। उनके साथ छोटे अनुज, पूर्व कृषि मंत्री एवं विधायक सचिन यादव भी निमाड़ की परंपरा के अनुसार दुल्हन की तरह सजी-धजी बैलगाड़ियों (छकड़ों) पर सवार होकर दशहरा मैदान पहुंचे।
दशहरा उत्सव के दौरान परंपरा के अनुसार दशहरा राजा को जीतने की रस्म निभाई गई। इसके बाद पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री अरुण यादव ने अग्निबाण चलाकर रावण के पुतले का दहन किया। रावण दहन के साथ ही बुराई पर अच्छाई और असत्य पर सत्य की विजय का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर अरुण यादव व सचिन यादव ने निमाड़ अंचल के नागरिकों को गले मिलकर विजयादशमी पर्व की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। आयोजन में ग्रामीणों सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे। निमाड़ की लोक संस्कृति और पारंपरिक रीति-रिवाजों के बीच दशहरा उत्सव उत्साह के साथ मनाया गया।