देवास। असत्य पर सत्य की विजय और बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक विजयादशमी पर्व देवास में हर्षाेल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। शहर में जगह-जगह भव्य रावण के पुतले बनाए गए और विधि-विधान के साथ रावण दहन के कार्यक्रम आयोजित किए गए। रावण दहन के साथ ही पूरा वातावरण जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा और श्रद्धालुओं ने प्रभु श्रीराम के आदर्शों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।
इसी कड़ी में देवास पुलिस लाइन स्थित नगर निगम परिसर में सार्वजनिक उत्सव समिति युवा क्लब के तत्वावधान में 51 फीट ऊंचे विशाल रावण का निर्माण कराया गया। कार्यक्रम में देवास विधायक श्रीमंत गायत्री राजे पवार, सोनकच्छ विधायक डॉ. राजेश सोनकर, भाजपा जिला अध्यक्ष रायसिंह सेंधव सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में शहरवासी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान भगवान श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण जी और हनुमान जी के स्वरूपों की उपस्थिति में विधि-विधान के साथ 51 फीट ऊंचे रावण का दहन किया गया। जैसे ही रावण का पुतला धू-धू कर जलने लगा, पूरा परिसर जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा। इस दौरान बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक में खासा उत्साह देखने को मिला। परिवारों के साथ पहुंचे लोगों ने इस पारंपरिक आयोजन का आनंद लिया।
विजयादशमी का यह पर्व लोगों को संदेश देता है कि चाहे बुराई कितनी भी शक्तिशाली क्यों न हो, अंत में विजय सत्य, धर्म और सदाचार की ही होती है। भगवान श्रीराम के जीवन से प्रेरणा लेते हुए लोगों ने समाज में प्रेम, सद्भाव और नैतिक मूल्यों को बनाए रखने का संदेश दिया।
विधायक गायत्री राजे पवार ने विजयादशमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विजयादशमी सत्य की असत्य पर विजय और धर्म की अधर्म पर जीत का प्रतीक है। भगवान श्रीराम के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाकर समाज में प्रेम, सद्भाव और भाईचारे को मजबूत बनाएं। मेरी कामना है कि यह पर्व सभी के जीवन में सुख, समृद्धि और खुशहाली लेकर आए।