मुरैना। कर्तव्य निर्वहन के दौरान अपने प्राणों का सर्वाेच्च बलिदान देने वाले वीर पुलिस जवानों की स्मृति में मंगलवार को मुरैना के शहीद स्मारक पर पुलिस शहीद स्मृति दिवस मनाया गया। इस दौरान सशस्त्र पुलिस बल, प्रशासनिक अधिकारियों और पत्रकारों ने देशभर में बीते एक वर्ष में शहीद हुए 154 पुलिस अधिकारियों को पुष्पांजलि अर्पित कर नमन किया और उनकी आत्मशांति के लिए प्रार्थना की।
कार्यक्रम में चंबल संभाग के डीआईजी सुनील कुमार जैन, पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीणा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी कमलेश कुमार भार्गव, एडीएम अश्विनी रावत, एसपी सुरेंद्र पाल सिंह डाबर और रक्षित निरीक्षक रविकांत शुक्ला सहित एसएएफ, पुलिस, होमगार्ड के जवान और पत्रकार मौजूद रहे।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीणा ने देशभर में शहीद हुए 154 पुलिस अधिकारियों के नाम और उनकी वीरता का उल्लेख किया। इसके बाद अधिकारियों ने शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। परेड की कमान रक्षित निरीक्षक रविकांत शुक्ला ने संभाली।
गौरतलब है कि 21 अक्टूबर 1959 को लद्दाख के हॉट स्प्रिंग्स क्षेत्र में चीनी सैनिकों से मुकाबला करते हुए 10 भारतीय पुलिस जवानों ने सर्वाेच्च बलिदान दिया था। उन्हीं वीर जवानों की स्मृति में हर वर्ष 21 अक्टूबर को पुलिस शहीद स्मृति दिवस मनाया जाता है। यह दिवस देश की सुरक्षा, कानून व्यवस्था और नागरिकों की रक्षा के लिए प्राण न्योछावर करने वाले पुलिसकर्मियों के अदम्य साहस और कर्तव्यनिष्ठा को समर्पित है।